संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नगर परिषद कार्यालय से एक शख्स ने 12 वाहनों की 40 बैटरियां चोरी कर लीं। बैटरियां अलग-अलग दिन चुराई गईं। अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इतना ही नहीं, 24 फरवरी को बैटरी चोरी होने का पता लगा। 6 मार्च को नगर परिषद की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। वहीं, वीरवार को पुलिस ने इस संबंध में घिकाड़ा रोड क्षेत्र निवासी आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।
बैटरी चोरी होने का मामला वीरवार को पार्षद मनोज वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी और विकास ने उठाया। बैटरी चोरी मामले में पार्षद व प्रतिनिधियों ने प्रेसवार्ता कर चेयरमैन और नगर परिषद सफाई शाखा के अधिकारियों को घेरा। इसके बाद जब पत्रकारों ने चेयरमैन बक्शीराम सैनी से बैटरी चोरी मामले में सवाल किए तो उन्होंने मामला संज्ञान में न होने की बात कही।
हालांकि, उन्होंने तुरंत सफाई शाखा के अधिकारियों को कार्यालय बुलाकर इस संबंध में पूछताछ की तो उन्होंने 40 बैटरियां चोरी होने और 6 मार्च को इसकी शिकायत पुलिस को देने की बात कही। वहीं, पहले जानकारी न देने पर चेयरमैन ने सीएसआई राजेश कुमार से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
चेयरमैन ने कहा कि अगर सरकारी संपत्ति नगर परिषद कार्यालय से चोरी हुई है तो अधिकारियों को समय रहते इसकी सूचना उन्हें देनी चाहिए थी, लेकिन, ऐसा नहीं किया गया।