पुलिस गिरफ्त में कंगन चोरी के चारों आरोपी।
चरखी दादरी। महेंद्रगढ़ सदर थाने में तैनात महिला सिपाही के बैग से सोने के कंगन चोरी करने के 4 आरोपियों को स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुलचनी निवासी राजू व कपूरा समेत महम निवासी पप्पू और सोरखी निवासी धर्मबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कपूरा पर पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि भिवानी के सिंघानी निवासी मनीषा ने 22 अप्रैल को सिटी थाने में कंगन चोरी की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया था कि वो हरियाणा पुलिस में सिपाही है और उसकी तैनाती महेंद्रगढ़ थाने में है। 22 अप्रैल को वो एक मुकदमे में बरामद माल को जमा करवाने के लिए सुनारिया जा रही थी। उसने महेंद्रगढ़ से बस पकड़ी थी और बधवाना अड्डे पर उतरकर उसने अपने कंगन निकालकर बैग में डाल दिए।
सिपाही मनीषा ने शिकायत में बताया था कि दादरी अड्डे पर उतरने के बाद वो रोहतक की बस में बैठ गई। उसी दौरान उसकी नजर बैग पर पड़ी तो चेन खुली मिली। संदेह होने पर उसने बैग की जांच की तो सोने के कंगन गायब मिले। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस वारदात को सुलझाते हुए स्पेशल स्टाफ ने चारों आरोपियों को काबू कर लिया और उन्हें कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने रिमांड अवधि के दौरान उनसे तीस हजार की नकदी बरामद कर ली। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी कपूरा पर पहले भी केस दर्ज हैं।