चरखी दादरी। शहर के समसपुर टी प्वाइंट से स्पेशल स्टाफ ने एक कंटेनर से 39.550 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। इस संबंध में पुलिस ने रानीला निवासी संजय और कैथल निवासी बलबीर सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पिछले 5 दिनों में पुलिस 250 किलोग्राम से अधिक चूरा और डोडा पोस्त समेत 172 ग्राम चरस बरामद कर चुकी है। नशीले पदार्थों की बरामदगी मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम एएसआई संजीत के नेतृत्व में रोकथाम के लिए लोहारू चौक पर मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि कैथल के गांव किठाना निवासी बलबीर नशीले पदार्थ की बिक्री करता है और रानीला निवासी संजय से मंगवाता है। अब संजय कंटेनर में नशीला पदार्थ लेकर समसपुर टी प्वाइंट पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां खड़े एक कंटेनर के चालक से पूछताछ की। उसने अपनी पहचान रानीला निवासी संजय के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें ड्राइवर की सीट के पीछे से दो प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। जब इन्हें खोलकर जांच की गई तो एक कट्टे से 23.750 किलोग्राम और दूसरे कट्टे से 15.800 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कुल 39.550 किलोग्राम चूरापोस्त को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को वाहन समेत थाने ले गई। वहां उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी संजय को कोर्ट में पेश कर उसे चार दिन के रिमांड पर लिया है।