चरखी दादरी। जिले में डेंगू और मलेरिया पॉजिटिव केस की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक की बात करें तो इस सीजन में डेंगू के 36 और मलेरिया के 10 मामले सामने आ चुके हैं। अकेले अक्तूबर की बात करें तो 17 दिन में डेंगू के 20 मामले मिल चुके हैं।
30 सितंबर तक की बात करें तो डेंगू मरीजों की संख्या 16 थी जो अब बढ़कर 36 पहुंच चुकी है। ऐसे में नियमित अंतराल पर डेंगू केस सामने आ रहे हैं। दूसरी ओर विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव करवाने के साथ बुखार पीड़ित मरीजों की जांच भी कर रही हैं। इतना ही नहीं उच्चाधिकारियों ने सैंपल संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दे दिए हैं।
बता दें सितंबर माह से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर डेंगू व मलेरिया के लारवा की जांच कर रही हैं और टीमों ने कुल 610 लोगों के खून के नमूने लिए और इनमें से जांच के दौरान 36 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद अक्तूबर में 140 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए और उनमें से 20 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
- 2610 जगहों पर मिला लारवा, 382 को दिए नोटिस
स्वास्थ विभाग की 296 टीमों ने जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए अभियान चला कर घरों में रखे पानी के बर्तनों की जांच की। जांच के दौरान टीमों ने 2,610 स्थानों पर लारवा पाया गया जिसके बाद पानी के बर्तनों को खाली करवाया गया और 382 मकान मालिकों को नोटिस दिए गए।
- शहरी क्षेत्र में मिले ज्यादा केस
अब तक की स्थिति देखें तो शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में डेंगू के नियमित अंतराल पर केस मिल रहे हैं। ओवरऑल स्थिति देखें तो गांव के मुकाबले शहर में डेंगू व मलेरिया के ज्यादा केस मिले हैं। विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि जिस क्षेत्र में डेंगू केस मिलता है वहां नगर परिषद या ग्राम पंचायत के माध्यम से तत्काल फॉगिंग करवा दी जाती है।
अब तक जिले में डेंगू के 36 और मलेरिया के 10 केस मिल चुके हैं। टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखे हुए हैं। जहां डेंगू केस मिलता है वहां फॉगिंग के लिए तत्काल टीम पहुंच जाती है।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, जिला नोडल अधिकारी, डेंगू एवं मलेरिया