चरखी दादरी। जिला में 35 खेल नर्सरियां और खुलेंगी। खेल विभाग ने इनकी फाइल मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दी है। वर्तमान में 24 नर्सरियां संचालित हैं और एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को आयु वर्ग के हिसाब से दो हजार रुपये तक प्रतिमाह डाइट भत्ता मिलता है।
जिला में आगामी जुलाई माह से नई खेल नर्सरियां शुरू करने की योजना है। जिला में विभिन्न खेलों के करीब दो हजार खिलाड़ी हैं। काफी संख्या में खिलाड़ी अपने स्तर पर भी खेल अभ्यास करते हैं। जिला में इस समय खो-खो, कबड्डी, वॉलीबाल, एथलीट गेम, कुश्ती, फुटबाल, हॉकी सहित विभिन्न खेलों की नर्सरियां संचालित हैं। इनमें कोच अभ्यास करवाते हैं। 18 सरकारी नर्सरियों में सरकारी कोच अभ्यास करवाते हैं जबकि प्राइवेट नर्सरियों में अस्थायी कोच तैनात कर रखे हैं। प्राइवेट नर्सरियां स्कूल व कॉलेजों में चल रही हैं।
नर्सरियों के खिलाड़ियों को यूं मिलती है भत्ता
नौ से 14 साल के खिलाड़ी को सरकार की ओर से 1500 रुपये खुराक भत्ता दिया जाता है जबकि 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को 2000 रुपये भत्ता दिए जाने का प्रावधान है। जिला के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर ला रहे हैं। हाल ही में खेलो इंडिया गेम में भी चरखी दादरी के कई खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं।
17 अप्रैल तक मांगे गए थे आवेदन
35 नई खेल नर्सरी खोलने के लिए विभाग ने गत 17 अप्रैल तक आवेदन मांगे थे। खेल विभाग ने इन नर्सरियों के आवेदनों की जांच कर हेड ऑफिस मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद इनकी भौतिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके तहत खेल मैदान, कोच व अन्य सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा। नर्सरियोंं के लिए आवश्यक नियमों की जांच की जाएगी और उसके बाद ही नर्सरियां शुरू हो सकेंगी।
हमने नई 35 नर्सरियां खोलने के लिए फाइल हेड ऑफिस भेज दी है। जैसे ही मंजूरी मिल जाती है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शुरू करवा दिया जाएगा। खेल विभाग खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
-प्रीतम सिंह, जिला खेल अधिकारी