चरखी दादरी। जनता महाविद्यालय में 14 मार्च को आयोजित होने वाले 31वें दीक्षांत समारोह को लेकर बुधवार को इवेंट मैनेजमेंट पर शिविर आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में स्टाफ व विद्यार्थियों ने रिहर्सल की।
प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह में राज्यसभा के सदस्य रामचंद्र जांगड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सुरेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि महाविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2020-21 एवं 2021-22 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में लगभग 700 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। डॉ. जांगिड़ ने बताया कि समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इवेंट मैनेजमेंट शिविर के संयोजक भूपेंद्र सिंह, समन्वयक सुरेश कुमार, प्रबंधन समिति के उप प्रधान अशोक गोयल मौजूद रहे।
इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 20 मार्च तक ले सकते हैं दाखिला
चरखी दादरी। ऑनलाइन लर्निंग और दूरस्थ शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में 20 मार्च तक दाखिला ले सकते हैं। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डॉ. धर्मपाल ने बताया कि इग्नू में दाखिला के लिए साल में दो बार फाॅर्म भरे जाते हैं। पहला जनवरी सेशन के लिए और दूसरा जुलाई सेशन के लिए होता है। जनवरी सेशन की दाखिला प्रक्रिया अभी जारी है।
उन्होंने बताया कि जो लोग कौशल आधारित और ज्ञान आधारित शिक्षा लेना चाहते हैं, उनके लिए इग्नू सबसे उपयुक्त विश्वविद्यालय है। इग्नू का उद्देश्य विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करके उनके लिए उत्थान के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। ऐसे विद्यार्थी जिनको मेरिट के चलते कॉलेज में एडमिशन नहीं मिला हो या किसी भी कारण से वे रेगुलर कॉलेज और विश्वविद्यालय में नहीं जा सकते तो ऐसे विद्यार्थी आसनी इग्नू से पढ़ाई कर डिग्री हासिल कर सकते हैं। जॉब करने वाले कैंडिडेट भी आसनी से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकते हैं और इग्नू के किसी भी पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं।