चरखी दादरी। जनता महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं यूथ रेडक्रॉस की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 31 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में विद्यार्थी व प्राध्यापक शामिल थे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशनलाल ने बताया कि रक्तदान महादान है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अशोक गोयल, प्राचार्य डॉ. जयवीर सिंह ,जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. जगजीत सिंह मोर, जिला समाज कल्याण अधिकारी जितेंद्र सिंह ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति गुप्ता एवं डॉ. हेमलता बंसल के मार्गदर्शन में छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. छाजूराम, डॉ. हेमलता शर्मा व युधिष्ठिर सहित कई प्राध्यापकों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जयवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन प्रदान करने का पुनीत कार्य है। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. नीरज गर्ग, अनीता रानी, डॉ. रीना अग्रवाल व मानसी का योगदान रहा।