संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मानसून सीजन को देखते हुए सिंचाई विभाग ने सभी प्रमुख 30 ड्रेनों की सफाई का काम पूरा कर लिया है। अब ये ड्रेनें मानसून की बारिश के पानी के दबाव को झेल सकेंगी और गांवों को भी जलभराव से राहत मिलेगी। अब माइनरों व नहरों की सफाई पर विभाग का ध्यान केंद्रित है।
सिंचाई विभाग मानसून सीजन में जलभराव से निपटने के लिए अन्य आवश्यक तैयारियों में जुटा है। 30 जून तक नहरों व माइनरों की सफाई का काम मनरेगा के तहत पूरा किया जाना है। जिले में हर साल करीब चार हजार एकड़ में बारिश से जलभराव होता है।
सिंचाई विभाग ने फिलहाल गांव बिरहीकलां, बिरहीखुर्द, पांडवान, बरसाना, खेड़ी बूरा, खेड़ी बत्तर, घसोला, चरखी व साहुवास ड्रेनों की सफाई का काम पूरा कर लिया है। इसी प्रकार, सभी रजवाहों व तटबंधों को मजबूत किया जा रहा है। पंप हाउसों से गाद निकासी का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस काम के लिए जेई एसडीओ की निगरानी के लिए डयूटी लगा रखी है।
इन गांवों में बाढ़ बचाव प्रबंध के कार्य प्रगति पर : जिले के गांव पांडवान, छपार, अख्तयारपुरा, डोहकी, इमलोटा, कंहेटी, सरूपगढ़, भागवी, बिगोवा, नीमली, लोहरवाड़ा, घसोला, खेड़ी बूरा, बीड़ भैरवी व कलियाणा में बाढ़ से बचाव के लिए प्रबंधन का कार्य प्रगति पर है। 30 जून तक यह कार्य पूरे किए जाने हैं।