फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 30 बसें गईं सोनीपत, यात्री रहे बे-बस

Mon, 09 Dec 2024 12:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
बस में चढ़ने के लिए धक्कामुक्की करते यात्री। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। पानीपत में सोमवार को आयोजित हाेने वाले बीमा सखी योजना कार्यक्रम के लिए दादरी डिपो से रविवार को 30 बसें सोनीपत भेजी गईं। इससे यात्रियों को बसों के लिए परेशान होना पड़ा। वे बेबस नजर आए। उन्हें लंबे समय तक बूथों पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। सोमवार को 24 बसें और पानीपत जाएंगी। इससे व्यवस्था और प्रभावित होने की आशंका है।
विज्ञापन

दादरी डिपो के बेड़े में 116 बसें हैं। इनमें से 15 बसें किलोमीटर योजना की हैं। 116 में से 30 बसें सोनीपत जाने से डिपो के बेड़े में महज 86 बसें ही बच गईं। रविवार को 30 हजार यात्रियों के लिए ये बसें नाकाफी रहीं। बसों की कमी से यात्री परेशान नजर आए।
वहीं, लंबा इंतजार करने के बाद बूथों पर लगी बसों में भीड़ ज्यादा होने के बावजूद यात्री पायदान पर लटक कर यात्रा करते नजर आए। बसों की कमी के चलते रविवार को करीब 10 हजार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन

वहीं, सोमवार को 24 और बसों के पानीपत जाने के बाद बेड़े में बसों की संख्या महज 62 ही रह जाएगी। इससे परिवहन सेवाएं और ज्यादा प्रभावित होंगी। इतना ही नहीं, यात्रियों की परेशानी भी बढ़ेगी।

- इन रूटों के यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

30 बसों के सोनीपत जाने के बाद परिसर में बने बूथों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। बसों की कमी का असर भिवानी, दिल्ली, कोसली, रेवाड़ी, लोहारू, कादमा और सतनाली रूट पर देखने को मिला। इन रूटों की बसें यात्रियों को लंबा इंतजार करने के बाद ही मिलीं।
- किसी यात्री ने एक तो किसी ने डेढ़ घंटे किया इंतजार
सुबह साढ़े 9 बजे भिवानी से झाेझूकलां जाने के लिए दादरी बस स्टैंड पर पहुंचा था। एक घंटा इंतजार के बाद भी बूथ पर बस नहीं लगी है। प्राइवेट सवारी वाहन भी नहीं मिल रहा है।
-सुभाष, यात्री
- सुबह जरूरी कार्य के लिए दिल्ली से दादरी पहुंचा था। अब वापस जाने के लिए डेढ़ घंटे से बस स्टैंड पर खड़ा हूं, लेकिन, दिल्ली की बस नहीं आई है। गंतव्य पर पहुंचने में देरी होगी।
-मनोज कुमार, यात्री
- कोसली जाने के लिए सुबह 11 बजे बस स्टैंड परिसर में पहुंचा था, लेकिन, अब तीन बजने को हैं और अभी तक बूथ पर बस नहीं लगी है। लंबा इंतजार करके परेशान हो चुका हूं।
-जलधीर सिंह, यात्री
- लगातार दो घंटे से बिरोहड़ जाने वाली बस का इंतजार करना पड़ रहा है। बुजुर्ग होने के कारण लंबे समय तक खड़ा रहना और बसों में उतरना-चढ़ना काफी मुश्किल है।
-जगमाल सिंह, पूर्व सैनिक

रविवार को 30 बसें सोनीपत भेजी गईं। जबकि सोमवार को 24 और बसें पानीपत भेजी जानी हैं। रविवार को जितनी बसें बेड़े में बचीं, उनके अतिरिक्त फेरे लगाकर व्यवस्था बनाने का हरसंभव प्रयास किया गया, ताकि, यात्रियों को परेशानी न झेलनी पड़े। -नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी परिवहन डिपो।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें