चरखी दादरी। वार्ड-19 के 27 फुटा रोड पर बनी पूर्ण नगर कॉलोनी के लोग एक साल से कम वोल्टेज की समस्या का सामना कर रहे हैं। बिजली निगम की ओर से कॉलोनी में पर्याप्त बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा नया केबल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन, अब तक कर्मचारियों ने केबल तक नहीं लगाया है। वहीं, केबल लगने के बाद ही अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखा जाएगा।
बिजली समस्या के समाधान में हो रही देरी से लोगों में बिजली निगम के प्रति रोष बना हुआ है। उन्होंने बिजली निगम के आला अधिकारियों से बचे कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है। ताकि, स्थानीय लोगों को लोवोल्टेज आपूर्ति संबंधी समस्या से राहत मिल सके।
शहर के 27 फुटा रोड के नजदीक पूर्ण नगर में पिछले एक साल से कम व अधिक वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। कॉलोनीवासी पूर्ण रूप से बिजली बहाली के लिए कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से मिल चुके हैं। इसके बाद हरकत में आए निगम के अधिकारियों ने कॉलोनी के लोड की जांच कर अतिरिक्त बिजली ट्रांसफार्मर के अलावा नया केबल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया था। कॉलोनीवासियों का कहना है कि तीन माह पहले बिजली निगम के कर्मचारी केबल लगाने के लिए आए थे, लेकिन, आधा-अधूरा केबल लगाकर कार्य को बंद कर दिए। तब से ही काम जस का तस अटका है। इससे लोगों का बिजली निगम के प्रति रोष बना हुआ है।
स्थानीय निवासी संजय कुमार, राजेश सैन, बिनोद कुमार, राजबीर सिंह, सोमवीर सिंह, रामलाल व जयसिंह ने निगम के अधिकारियों से बचे काम को पूरा कराने की मांग की है।
- अचानक बिजली तेज आने से जल रहे उपकरण
पूर्ण नगर कॉलोनी में बिजली कभी मंद तो कभी तेज आ जाती है। इससे कई बार कॉलोनीवासियों के बिजली उपकरण जल गए हैं। वहीं, इसके अलावा कभी-कभी बिजली आपूर्ति पूरी रात ठप रहती है। ऐसे में स्थानीय लोगों को आर्थिक नुकसान के अलावा, मानसिक पीड़ा सहन करनी पड़ रही है।
लोग बोले- समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं बिजली निगम
- पूर्ण नगर कॉलोनी में लंबे समय से बिजली समस्या बनी है। इस मौसम में उमस के चलते लोग बेहद परेशान हैं। दूसरी ओर बिजली निगम के अधिकारी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं हैं।
-विनोद कुमार, पूर्ण नगर
- बिजली कम रहने के कारण पंखा भी नहीं चल पाता है। बाहर या छत पर सोते हैं तो मच्छर परेशान करते हैं। लोवोल्टेज आपूर्ति से परेशान हो चुके हैं। बिजली निगम की ओर से समाधान नहीं किया जा रहा है।
-राजेश सैन, पूर्ण नगर
हमारे कर्मचारी खेतों में भरे पानी की निकासी के लिए अतिरिक्त बिजली ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य कर रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर खेतों से पानी निकासी का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद प्राथमिकता से पूर्ण नगर में बचे हुए काम को पूरा करवा देंगे।
-गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम