चरखी दादरी। मानसून की पहली ही बारिश ने जिले में व्यवस्थाओं को हिलाकर रख दिया। ठप सीवर व्यवस्था के चलते बारिश थमने के 30 घंटे बाद भी शहर के बाजारों से पानी की निकासी नहीं हो पाई। जलभराव के चलते सोमवार को पुरानी सब्जी मंडी रोड और मुख्य बाजार में करीब 250 दुकानें बंद रही। दुकानदारों ने जब शटर उठाए तो अंदर रखा सामान पानी में डूबा मिला।
दूसरी ओर समस्या को लेकर नगर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने रोष प्रदर्शन किया और इसके बाद लघु सचिवालय पहुंचकर एसडीएम नवीन कुमार से मुलाकात की। व्यापारियों ने प्रशासन व विभाग को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और इस समय अवधि में पानी की निकासी न होने पर व्यापारी सख्त निर्णय लेंगे। सुबह 10 बजे मेन बाजार के दुकानदार एवं कारोबारी आंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और रोष प्रकट किया। इस दौरान रेलवे रोड पर पानी में खड़े होकर रोष प्रदर्शन किया गया। दुकानदारों ने प्रशासन, विभाग व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में दुकानदार आंबेडकर चौक से किला रोड होते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे जहां डीसी के मौजूद नहीं होने पर उन्होंने एसडीएम नवीन कुमार से मुलाकात कर पानी की निकासी करवाने की मांग की। एसडीएम ने दुकानदारों से कहा कि दो मोटर और लगवा दी जाएंगी और बारिश के पानी की जल्द से जल्द निकासी करवाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, व्यापारियों ने एसडीएम को बताया कि दुकानों के अंदर पानी घुसने से सामान खराब हो गया है।
व्यापार मंडल की कोर कमेटी के संरक्षक रविंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रशासन, विभाग व सरकार की लापरवाही की वजह से व्यापारियों व दुकानदारों को नुकसान हो रहा है। बाजार बंद हाेने से कारोबार ठप हो गया है। शहर के मेन रास्ते बंद पड़े हैं। रविंद्र गुप्ता ने कहा कि बारिश होने के 24 घंटे बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। सीवर लाइनें बैक मार रही हैं। सड़क पर दूषित व बारिश का पानी भरा होने से बीमारियों का अंदेशा भी बढ़ गया है।
- इन सड़कों पर है जलभराव
इस समय आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी, रेलवे रोड, लाजपत राय चौक, पुरानी अनाज मंडी, काठ मंडी, दिल्ली रोड सहित मुख्य बाजारों में पानी से भरा है। बाजारों में दो से तीन फीट तक पानी भरा है। दुकानदार दुकानों से सामान बाहर निकालने को विवश है ताकि खराब न होने पाए।
- व्यापारी बोले : दुकानें बंद रहने से प्रतिदिन होगा लाखों का नुकसान
व्यापार मंडल उपप्रधान संदीप सिंह फौगाट ने कहा कि बाजार बंद होने पर प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर 24 घंटे में पानी की निकासी नहीं की गई तो व्यापारी आंदोलन करने को विवश होंगे। वहीं, हरियाणा व्यापार मंडल जिला प्रधान बलराम गुप्ता, जयभगवान मस्ताना, सब्जी मंडी प्रधान नंदलाल ठकुराल, नितिन जांघू, रामदयाल पाहवा, महेंद्र भारद्वाज, बर्तन यूनियन प्रधान सतबीर गौड़, जगदेव, दीपक जून, संजीव जैन आदि ने प्रशासन से पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध करवाने की मांग की।
- दुकानों से सामान निकालने के लिए हायर किए ट्रैक्टर
रविवार को हुई बारिश के बाद पुरानी सब्जी मंडी और मुख्य बाजार के दुकानदार पानी से गुजरकर सोमवार सुबह प्रतिष्ठानों पर पहुंचे। उन्होंने जब शटर उठाए तो दुकानों के अंदर रखा सामान पानी में डूबा मिला। इस स्थिति को देखते हुए कुछ दुकानदारों ने तो ट्रैक्टर बुलाकर अंदर रखा सामान निकालना शुरू कर दिया। सोमवार को 10 से अधिक दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खाली कर सामान को दूसरी जगह शिफ्ट किया।