चरखी दादरी। निरोगी हरियाणा मुहिम के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग गत नवंबर माह से नियमित अंतराल पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगा रहा है। इसके तहत अब तक जिले में 2.38 लाख पात्र परिवारों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की गई है। इनमें से 18,982 में विभिन्न प्रकार की बीमारियां मिली हैं। अहम बात ये है कि जिन लोगों में बीमारियां पाई गई हैं, उन्हें या परिजनों को इसके बारे में आभास तक ही नहीं था। दूसरी ओर निरोगी हरियाणा मुहिम में चरखी दादरी जिला प्रदेश में पांचवें नंबर पर रहा है।
सरकार के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग गत 29 नवंबर से विशेष जांच शिविर लगा रहा है। नवंबर से चार जुलाई तक के आंकड़ों पर गौर करें तो कुल 1539 जांच शिविर लगाए गए हैं। इन शिविर में पहुंचकर 2,38,254 लोगों ने अपने शरीर की जांच करवाई है। इनमें से 18,982 लोगों में अलग-अलग प्रकार की बीमारियां पाई हैं। जांच के दौरान 2231 लोगों में रक्त की कमी होने की बात भी सामने आई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त 788 मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया है।
29 नवंबर से 4 जुलाई तक लगाए गए कैंप में जिला स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा स्वास्थ्य जांच सुचारू रूप से करने के लिए अंत्योदय लाभार्थी को 6 आयु श्रेणियों में बांटकर आयु के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में 5,64,649 टेस्ट किए। एचबी के 14,121 जबकि सीबीसी एचबी-10 के 3,68,488 टेस्ट किए गए। वहीं, एफबीएस/आरबीएस के 45,114, सिरम कॉलेस्ट्रॉल के 32,231, ब्लड व यूरिन के 32,339, सिरम क्रिटिनन के 32336, टीएचएच 61, वाया पैप स्मीयर 943 और यूरीन आर/ई के कुल 38,918 सैंपलों की जांच की गई।
17 बच्चे मिले कुपोषण का शिकार तो 28 में नजर आए टीबी के लक्षण
मुहिम के तहत स्वास्थ्य जांच के दौरान 2231 लोगों में रक्त की कमी पाई गई है। साथ ही जांच में 17 बच्चे कुपोषण का शिकार पाए गए। इनका उपचार शुरू किया जा चुका है। इसके अलावा 28 टीबी के रोगी भी इन जांच में सामने आए हैं जिनका उपचार शुरू किया जा चुका है। इसके अलावा कार्सिनोमा के 10, डीएम के 1876, एचटी के 1667, हृदय रोग से पीड़ित 80, स्ट्रोक के 5 व अन्य बीमारियों के 13067 रोगियों की पहचान की गई है।
- यह है निरोगी हरियाणा योजना
प्रदेश सरकार की ओर से निरोगी हरियाणा योजना का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 29 नवंबर 2022 को कुरुक्षेत्र से किया था। प्रदेश के 30.59 लाख अंत्योदय परिवारों के 1.21 करोड़ लोगों की बड़े पैमाने पर सघन स्वास्थ्य जांच करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना है। इन परिवारों के सदस्यों की निशुल्क सघन स्वास्थ्य जांच का 2 वर्षों में एक बार करने का प्रावधान है। स्वास्थ्य जांच सुचारू रूप से करने के लिए अंत्योदय लाभार्थी को 6 आयु श्रेणियों में बांटा गया है। आयु के अनुरूप शारीरिक जांच के अलावा निम्नलिखित 25 से ज्यादा निशुल्क परीक्षण करने का प्रावधान है।
निरोगी हरियाणा मुहिम के तहत नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। मुहिम के तहत किए गए कार्याें के लिए दादरी स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश में पांचवां स्थान मिला है। पात्र परिवारों से अपील है कि वो कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, डिप्टी सीएमओ एवं निरोगी हरियाणा मुहिम नोडल अधिकारी