चरखी दादरी। पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए नामांकन वापसी का सोमवार अंतिम दिन रहा। दोपहर तीन बजे तक लघु सचिवालय के अलावा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में यह प्रक्रिया चली। इस दौरान जिला परिषद के 23 उम्मीदवारों ने और पंचायत समिति के 74 उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म वापस लिए। पंचायत समिति की अगर बात करें तो दादरी से 26, बाढड़ा से 18, झोझूकलां से 16 और बौंदकलां खंड से 14 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा उठाया। इसके बाद चुनाव चिह्न अलॉट किए गए।
सोमवार को कई उम्मीदवारों ने पंचायत चुनाव से अपने नाम वापस लिए। इसके बाद प्रशासन ने बचे हुए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए। इस दौरान चुनाव निशान को लेकर उम्मीदवारों में काफी जिज्ञासा देखने को मिली। जिला परिषद के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी व एडीसी अनुराग ढालिया के समक्ष 11 वार्डों से 23 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए। जिला पार्षद के लिए 110 उम्मीदवारों ने पहले उम्मीदवारी जताई थी। छंटनी और नामांकन वापसी के बाद अब मैदान में 87 ही उम्मीदवार ही बचे हैं। पंचायत समिति में दादरी खंड के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी व एसडीएम नवीन कुमार के समक्ष बीडीसी के 27 वार्डों में से 26 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। इस पंचायत समिति में अब कुल 101 उम्मीदवार बाकी रह गए हैं। इसके अलावा सरपंच और पंच पद के नामांकन फार्म भी वापस लिए गए।
- झोझू खंड में अब 93 तो बाढड़ा में बचे 80 उम्मीदवार
नगराधीश व झोझू खंड के निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार के समक्ष पंचायत समिति के 16 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। यहां 109 उम्मीदवार थे। नाम वापसी के बाद अब इनकी संख्या 93 रह गई है। इसी प्रकार एसडीएम विरेंद्र सिंह के समक्ष बाढड़ा पंचायत समिति सदस्य पद के 18 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। यहां कुल 98 उम्मीदवार थे, अब 80 उम्मीदवार पंचायत समिति के चुनाव मैदान में रह गए हैं।
- बौंदकलां खंड में अब बचे 74 उम्मीदवार
बौंद खंड में निर्वाचन अधिकारी एवं कृषि उपनिदेशक डॉ. बलवंत सहारण के समक्ष 14 उम्मीदवारों ने पंचायत समिति सदस्य पद से नाम वापस लिए। यहां अब 74 उम्मीदवार रह गए हैं। बौंद पंचायत समिति के 18 वार्ड हैं, यहां 90 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे थे, जिनमें से छंटनी के दौरान दो रद्द भी हुए थे।
- किसी ने कार तो किसी ने फसल काटते किसान के चिह्न में दिखाई रुचि
नाम वापसी के बाद निर्वाचन अधिकारी ने जिला पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच तथा पंच पद के उम्मीदवारों को उनके नाम के क्रम अनुसार चुनाव चिह्न आवंटित किए। इन चुनाव चिह्नों में किसी ने कार को पसंद किया तो किसी उम्मीदवार ने फसल काटता किसान का निशान लिया। जो निशान बांटे गए उनमें ब्लैक बोर्ड, दीवार घड़ी, बरगद का पेड़, झोपड़ी, छत का पंखा, तीर कमान, हाथ चक्की, टेलीविजन व टेलीफोन आदि शामिल थे।
- प्रक्रिया पूरी होने तक लगी रही भीड़
नाम वापसी व चुनाव चिह्न आवंटन के कारण लघु सचिवालय सभागार, दादरी, बौंद, बाढड़ा और झोझू खंड कार्यालयों में काफी गहमा-गहमी का माहौल रहा। खंड कार्यालय में ही गांवों से आया सामान व दस्तावेज काउंटर लगाकर जमा करवाए गए। इन काउंटरों पर आरओ व एआरओ की टीमें खड़ी रहीं।