कस्बा झोझू कलां स्थित खेल परिसर में जर्जर अवस्था में हॉल।
- फोटो : 1
झोझू कलां। कस्बा झोझू कलां स्थित राजीव गांधी खेल परिसर का जल्द ही जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए खेल विभाग की ओर से करीब 22.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परिसर का जीर्णोद्धार होने से झोझू कलां व आसपास के करीब 15 गांवों के खिलाड़ियों को राहत मिलेगी। खेल विभाग ने इस मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी है। लोक निर्माण विभाग ने कार्य को लेकर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य जल्द आरंभ होने की उम्मीद है। अधिकारियों को कहना है कि मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को लंबे समय तक असुविधा न हो।दीवारों में दरारें, कई जगहों पर टूट-फूट राजीव गांधी खेल परिसर झोझू कलां न केवल कस्बे बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का मुख्य केंद्र है। यहां एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, दौड़ सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास किया जाता है। हालांकि समय के साथ परिसर की हालत जर्जर होती चली गई थी। हॉल की छत व दीवारों में दरारें, कई स्थानों पर टूट-फूट, और ट्रैक की खराब स्थिति खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।मुख्य हॉल की सुधरेगी हालतयोजना के तहत खेल परिसर के मुख्य हॉल की मरम्मत करवाई जाएगी। हॉल की टूटी दीवारों को दुरुस्त किया जाएगा, प्लास्टर और रंग-रोगन का कार्य भी प्रस्तावित है, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके। इसके अलावा परिसर में बने रनिंग ट्रैक की मेंटेनेंस भी कराई जाएगी। ट्रैक की सतह को समतल किया जाएगा, जिससे अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों को चोट लगने का खतरा कम हो और प्रतियोगी स्तर की तैयारी संभव हो सके।== खिलाड़ियों को मिलेगी राहतखिलाड़ियों और ग्रामीणों का कहना है कि खेल परिसर का जीर्णोद्धार होने से युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। क्षेत्र के खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि सुविधाएं बेहतर हों तो ग्रामीण क्षेत्र से भी उत्कृष्ट खिलाड़ी निकल सकते हैं।वर्सन :खेल विभाग को बजट मिला था, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग को झोझू कलां के राजीव गांधी खेल स्टेडियम के मरम्मत का काम सौंप दिया गया है। झोझू कलां खेल परिसर की मरम्मत में 22.73 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।- विष्णु भगवान, जिला खेल अधिकारी दादरी।