- 22 फरवरी को गुम हुआ था अधिवक्ता का फोन, दो दिन बाद दोनों खातों से निकाले 2 से अधिक रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर निवासी अधिवक्ता के गुम हुए फोन का फायदा उठाकर किसी ने खातों से 2.27 लाख रुपये निकाल लिए। अब अधिवक्ता की शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप जोशी ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं। 22 फरवरी की शाम को उनका फोन गुम हो गया था। 27 फरवरी तक उन्हें फोन नहीं मिला तो उन्होंने पुराना सिम बंद करवाकर नया सिम निकलवा लिया। उनका यह नंबर दो खातों से जुड़ा हुआ है।
9 मार्च को जब उन्होंने खाता जांच की तो आईसीआईसी बैंक खाते से 24 फरवरी को 1 लाख और 26 को 13,300 रुपये निकाले हुए मिले। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और दूसरे खाते की जांच की। इसमें भी 24 को 1 लाख और 26 को 13,700 रुपये निकाले गए थे। बाद में उन्होंने बैंक में पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी ने फोन व सिम का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकाली है।
इस तरह आरोपी ने कुल 2.27 लाख रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए। अब पीड़ित ने पुलिस से रुपये बरामद कराने की मांग की है।