चरखी दादरी। दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और जलनिकासी कार्यों को गति प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। हाल ही में सीवरेज और पेयजल सुधारीकरण के लिए सरकार ने 227 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। जल्द ही इस राशि से धरातल पर काम शुरू हो जाएगा, जिसका लाभ सीधे तौर पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
विधायक ने बताया कि दादरी शहर में 112 करोड़ की लागत से पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों को पूरा कराया जाएगा। वहीं, गांव भागवी, सांवड़, चरखी, इमलोटा, नीमली और मालपोष में 43 करोड़ की राशि से नई पाइपलाइन डाली जाएंगी, जिनसे लोगों की पेयजल संबंधी समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके साथ ही सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 56 करोड़ की राशि सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। इस राशि से सीवरेज संबंधी कार्य को पूरा किया जाएगा। एसटीपी और रामनगर से समसपुर तक 16 करोड़ रुपये की पानी निकासी परियोजना को भी मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने कहा कि इस बार मानसून थोड़ा जल्दी आ जाने के कारण जलभराव की शिकायतें मिली हैं, जिसे दूर करने की कवायद शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इमलोटा, भागवी तक ड्रेन की सफाई का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीवरेज लाइनों की सफाई का कार्य जोरों पर है और आने वाले समय में पानी निकासी के प्रबंध को और अधिक बेहतर बनाया जाएगा।