संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/ बौंदकलां/ झोझूकलां। जिले के चार महाविद्यालयों में दाखिले के लिए मंगलवार शाम पांच बजे तक 2108 आवेदन पहुंचे हैं। सबसे अधिक आवेदन नगर स्थित जनता कॉलेज में आए हैं। यहां छह संकायों में कुल 1090 आवेदन पहुंचे हैं। दूसरी ओर उच्च शिक्षा विभाग ने आवेदन की अंतिम 25 से बढ़ाकर 30 जून कर दी है।
जनता विद्या मंदिर गणपतराय रासीवासिया पीजी महाविद्यालय के दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि सुबह 11 बजे से ही पोर्टल ने काम करना शुरू कर दिया था। मंगलवार शाम पांच बजे तक संस्थान में छह संकाय में 1090 आवेदन पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बीए संकाय में 804 विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई है। वहीं, बीएससी नॉन मेडिकल में 147, बीएससी मेडिकल में 21, बीएससी एक्चुरियल साइंस में 16, बीएससी कंप्यूटर साइंस में 40 और बीकॉम में 62 आवेदन सत्यापित हुए हैं। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून तय की गई थी। अब तिथि को पांच दिन और बढ़ा दिया गया है। अब जो विद्यार्थी आवेदन से वंचित रह गए हैं वे 30 जून तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद वंचित उम्मीदवार ओपन काउंसिलिंग के जरिये स्नातक में दाखिला ले सकते हैं। ओपन काउंसिलिंग के दाखिले 16 जुलाई को शुरू होंगे। इससे पहले तीन जुलाई और 10 जुलाई को दो मेरिट सूची जारी की जाएंगी।
कॉलेजों में आवेदन की स्थिति
एपीजे पीजी कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को 452 आवेदन सत्यापित हुए। संस्थान अधीक्षक सज्जन गुप्ता ने बताया कि बीए संकाय में 369, बीकॉम में 23, बीएसी नॉन मेडिकल संकाय में दाखिले के लिए 60 छात्राओं ने आवेदन किया है।
बौंदकलां राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि कॉलेज में अभी तक बीए संकाय में 147 आवेदन पहुंचे हैं। इनमें से 140 पात्रों के आवेदन सत्यापित हो चुके हैं जबकि सात विद्यार्थियों के आवेदन में दस्तावेज संबंधी खामियां पाई गई हैं।
झोझूकलां महिला महाविद्यालय में 419 आवेदन आए हैं। क्लर्क दिनेश कुमार ने बताया कि बीए संकाय में दाखिला के लिए 308 छात्राओं ने आवेदन किया है। इसी तरह बीकॉम में 33 और बीएससी में 78 आवेदन आए हैं।