चरखी दादरी शहर में सरदार झाडू सिंह चौक के पास स्थित मातृ-शिशु अस्पताल।
चरखी दादरी। मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच) में लंबे इंतजार के बाद मधुमेह परीक्षण स्ट्रिप्स पहुंच गईं हैं। फिलहाल 2,000 स्ट्रिप्स की खेप आई है और जल्द ही दूसरी खेप पहुंचने की उम्मीद है। अमर उजाला ने मधुमेह परीक्षण स्ट्रिप्स की कमी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद विभाग हरकत में आया और स्ट्रिप्स खरीद की प्रक्रिया पूरी की।
पिछले 5 माह से आरबीएम स्ट्रिप्स व रेंडम ब्लड शुगर रेंज समाप्त होने से रोजाना सैकड़ों मरीजों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्ट्रिप्स की कमी से एमसीएच में मरीजों की मधुमेह जांच नहीं हो पा रही थी और उन्हें निजी लैब का रुख करना पड़ रहा था। वहां मरीजों को जेब ढीली कर शुगर जांच करवानी पड़ रही थी।
मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने 12 जून के संस्करण में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अमर उजाला ने एमसीएच में 5 माह से आरबीएस स्ट्रिप खत्म, मरीजों की नहीं हो रही शुगर जांच नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए और तत्काल एजेंसी से तालमेल कर मधुमेह परीक्षण स्ट्रिप्स खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली। अधिकारियों की मानें तो जो खेप पहुंची है उससे करीब तीन माह तक काम चल सकेगा।
अस्पताल में मधुमेह परीक्षण स्ट्रिप्स की खेप पहुंच गई है। अब मरीजों को शुगर जांच करवाने में दिक्कतें नहीं होंगी। -डॉ. केशव सोलंकी, एसएमओ, एमसीएच, चरखी दादरी।