संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। भारत-पाकिस्तान के बीच बने तनावपूर्ण हालात में युद्ध की स्थिति को देखते हुए सामाजिक संगठन बहादुर सैनिकों के साथ खड़े हैं। दादरी जिले के सामाजिक संगठनों ने 2000 सक्रिय रक्तदाताओं की सूची तैयार कर ली है। ताकि, जरूरत पड़ने पर तत्काल सैनिकों के लिए रक्त भेजा जा सके। इतना ही नहीं, सैनिकों के लिए हर गांव में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
गो सेवक रिंपी फोगाट की टीम ने देश की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा रहे सैनिकों को रक्त को उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय शनिवार को आयोजित बैठक में लिया गया। रिंपी फोगाट ने बताया कि रक्त मुहैया कराने के लिए टीम के सभी युवाओं से संपर्क कर लिया गया है।
इसके साथ ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सरपंचों से भी फोन पर बात हो गई है। बॉर्डर पर लड़ रहे जवानों को खून की जरूरत पड़ने पर 24 घंटे टीम तैयार रहेगी। जरूरत के अनुसार टीम तत्काल किसी भी गांव में शिविर लगाएगी। जिन 2000 युवाओं की सूची तैयार की गई है, वे ऐसे हैं जो एक फोन कॉल पर रक्तदान के लिए पहुंच जाएंगे।
बैठक में प्रदीप, रवि फोगाट, राहुल, रोहित, मुसाफिर, संदीप फोगाट आदि मौजूद रहे।