गेहूं की फसल में भरा माइनर का पानी।
- फोटो : CharkhiDadri
बौंदकलां डिस्ट्रीब्यूटरी से निकलने वाली रानीला माइनर बुधवार अल सुबह टूट गई। माइनर टूटने से साथ लगती करीब 20 एकड़ भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल में पानी भर गया। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और माइनर के क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कर दिया।
गांव रानीला निवासी किसान प्रहलाद सिंह, हेमंत, राजबीर सिंह और रामबीर सिंह ने बताया कि बुधवार अल सुबह बौंदकलां डिस्ट्रीब्यूटरी से निकलने वाला रानीला माइनर अचानक से ज्यादा पानी आने से टूट गया। किसानों ने बताया कि माइनर टूटने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई। सिंचाई विभाग और किसानों ने टूटे हिस्से को मिट्टी के कट्टों से पाटकर माइनर को ठीक किया। किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी थी और नहरी पानी भरने से फसल को नुकसान पहुंचा है। माइनर टूटने का कारण सफाई नहीं होना बताया जा रहा है। इसके साथ ही माइनर में पानी अधिक आने से माइनर टूट गया।
ओवरफ्लो होने से टूटा माइनर : एसडीओ
रानीला माइनर ओवरफ्लो होने टूट गई थी। विभाग ने माइनर के टूटे हिस्से को ठीक करवा दिया है। माइनर टूटने से फसलों को नुकसान नहीं हुआ है।
विकास सहरावत, एसडीओ, सिंचाई विभाग