बाढड़ा के लोहारू रोड पर हुआ हादसा, पुलिस ने कार चालक पर दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। कस्बे के लोहारू रोड पर कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। इसमें घायल के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
घायल विकास ने बताया कि वह भिवानी जिले के गांव नांगल चौधरी का निवासी है। एक अक्तूबर को वह अपने दोस्त तनुज के साथ बाढड़ा आया था। शाम करीब चार बजे वह बाढड़ा से घर वापसी कर रहा था। इसी दौरान जब वह बाढड़ा से निकला तो पीछे से एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें वे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसमें उनकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।
बाद में राहगीरों ने उन्हें उपचार के लिए भिवानी अस्पताल में दाखिल कराया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और उनके बयान दर्ज किए। घायलों ने कार चालक पर तेज रफ्तार व लापरवाही से टक्कर मारने का आरोप लगाया है।