चरखी दादरी/बौंदकलां/झोझूकलां। जिले में तेज रफ्तार के चलते सोमवार रात दो सड़क हादसे हुए। इनमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। एक हादसा दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर कमोद अड्डे के समीप हुआ, जिसमें चरखी निवासी परिवार का चिराग बुझ गया जबकि मृतक का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरा हादसा एनएच-152 डी पर कपूरी गांव के समीप हुआ। इसमें पंजाब के संगतपुर गांव निवासी ट्रक चालक युवक की मौत हो गई।
मंगलवार सुबह बौंदकलां और झोझूकलां थाना पुलिस ने दादरी सिविल अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया। मृतकों की पहचान गांव चरखी निवासी सलीम उर्फ गोलू (20) और पंजाब के तरनतारन जिले के गांव संगतपुर निवासी गुरदेव सिंह (35) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक प्रविश उर्फ टीटू दादरी शहर का रहने वाला है। गुरुग्राम के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल मंगलवार शाम तक होश में नहीं आया था। दोनों मृतकों के परिजनों के बयान पर पुलिस ने आरोपी चालकों के पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।