ढाणी फाटक के पास रुकवाई कार, बिना किसी कारण मारपीट करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के ढाणी फाटक के पास एक कार सवार युवकों के साथ दो वाहन सवारों ने मारपीट की। इसमें कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। अब एक घायल के बयान पर शहर थाना पुलिस ने एक नामजद समेत सात आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में प्रविंद्र ने बताया कि वह झज्जर जिले के अकेड़ी का निवासी है। सोमवार को दोपहर दो बजे वह यूपी के बसालनंगला गांव निवासी सुंदरम के साथ दादरी बस स्टैंड पर आ रहा था। जब वे ढाणी फाटक के पास पहुंचे तो अचानक दो वाहन सवार वहां आ गए। इसमें एक कैंपर उनकी कार आगे रुक गई और दूसरी गाड़ी पीछे रुक गई। इसके बाद दोनों वाहनों में से सात युवक उनके पास आए। इसमें कैंपर चालक ने उसको डंडे से पीटा और कुछ ने उसके दोस्त सुंदरम से मारपीट की। बाद में आरोपी उन्हें मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
घायल होने पर उसने अपने परिचित को इसकी सूचना दी। परिचित ने उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उनके बयान दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।