राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले हैं आरोपी, पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। न्यूड वीडियो कॉल वायरल करने की धमकी देकर खोरडा निवासी एक व्यक्ति से रुपये ऐंठने के दो आरोपियों को दादरी साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अलवर निवासी मनोज कुमार व सुनील कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि खोरडा निवासी प्रदीप के पास 29 मार्च को एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल आई थी। इसमें एक न्यूड लड़की बात कर रही थी। अगले दिन मोबाइल नंबर पर किसी ने फोन कर स्वयं को क्राइम ब्रांच से बताया और उसकी किसी लड़की के साथ तीन वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग यू-ट्यूब पर पर वायरल होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने यू-ट्यूब से इन वीडियो को हटवाने की बात कही और इसके बदले 11,500 रुपये का भुगतान करने की बात कही। बाद में उसने आरोपी के पास 9750 रुपये भेज दिए। इसके बाद इतनी ही रकम के दो और ट्रांजेक्शन आरोपियों ने करवाकर प्रदीप से कुल 29,250 रुपये ऐंठ लिए।
शुक्रवार को साइबर अपराध थाना सहायक उप निरीक्षक संजीत कुमार की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी मनोज कुमार मूल रूप से चिकानी व सुनील कुमार धौलागढ़ का निवासी है। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
फाेटो - 18
पुलिस की गिरफ्त में रुपये ऐंठने के दोनों आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग