चरखी दादरी जिले के तीनों खरीद केंद्रों से 18,620 क्विंटल बाजरे की उठान की गई।
चरखी दादरी/बाढड़ा/झोझूकलां। जिले की अनाज मंडी में रविवार को सरकारी अवकाश के कारण बाजरे की आवक और खरीद नहीं हुई। वहीं, जिले के तीनों खरीद केंद्रों से 18,620 क्विंटल बाजरे की उठान की गई। उठान प्रतिशत अब 65.90 प्रतिशत हो गया है।
दादरी और बाढड़ा मंडी के अलावा झोझूकलां केंद्र पर बाजरा की आवक, खरीद और उठान प्रक्रिया जारी है। छपार और बौंदकलां केंद्र पर आवक और खरीद नहीं हुई है। रविवार को अवकाश के कारण तीनों केंद्रों पर खरीद बंद रही। वहीं, मौके का फायदा उठाते हुए एजेंसी ने तीनों केंद्रों से बाजरा की उठान करवाई और इस कारण खरीद केंद्रों पर कुछ जगह बनी।
रविवार को बाजरा की सबसे अधिक उठान दादरी मंडी से हुई। यहां से एक दिन में 11,860 क्विंटल बाजरे की उठान की गई। बाढड़ा मंडी से एजेंसी ने रविवार को 3,240 और झोझूकलां खरीद केंद्र से 3,520 क्विंटल बाजरे की उठान करवाई।