- 355 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने घर से मतदान करने की जाहिर की थी इच्छा, 337 ने घर से किया मतदान
27 व 28 सितंबर को मतदान करवाने घर पहुंचीं टीमें, 29 को फिर से दिया गया मतदान से वंचित चिह्नित मतदाताओं को मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। घर से मतदान करने के लिए आवेदन करने वाले 18 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता पोलिंग टीमों को विजिट के दौरान घर पर नहीं मिले। ऐसे में ये घर से मतदान की सुविधा का लाभ नहीं ले पाए। इतना ही नहीं, अब ये मतदाता 5 अक्तूबर को बूथ पर जाकर भी मतदान नहीं कर सकेंगे।
बता दें कि निर्वाचन आयोग की ओर से 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों और 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा मुहैया करवाई थी। इसके तहत जिले में 355 मतदाता चिह्नित किए गए। इनका वोट डलवाने के लिए जिला प्रशासन ने 28 व 28 सितंबर को पोलिंग टीमें उनके घर भेजीं। टीमों ने इन दो दिनों में चिह्नित में से 337 मतदाताओं का मतदान करवा दिया। 18 मतदाता ऐसे रहे जो टीमों को घर हाजिर नहीं मिले। उनके परिजन भी टीमों को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
वहीं, 27 व 28 सितंबर को मतदान से वंचित रहे चिह्नित मतदाताओं को 29 सितंबर को एक और मौका दिया गया। उस दौरान भी 18 मतदाता ऐसे रहे जो मतदान नहीं कर पाए। वहीं, चुनाव से संबंधित अधिकारियों की मानें तो अब ये मतदाता पांच अक्तूबर को पोलिंग बूथ पर पहुंचकर भी मतदान नहीं कर पाएंगे। दादरी हलके में ऐसे 7 और बाढड़ा हलके में 11 मतदाता हैं।
- जिले में 201 शतायु मतदाता
दादरी जिले के दोनों हलकों की बात करें तो 201 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी आयु 100 वर्ष से अधिक है। 5105 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी आयु 85 वर्ष से 100 वर्ष के बीच है। जिले में 18-19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 11,458 है। दिव्यांग मतदाता 2423 हैं।
वर्सन :
355 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने घर से मतदान की इच्छा जताई थी। इसके बाद पोलिंग टीमें घर पहुंचीं तो 18 मतदाता वहां नहीं मिले। ये चिह्नित मतदाता अब पांच अक्तूबर को पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान नहीं कर पाएंगे।
-खजान सिह, चुनाव कानूनगो
फोटो 07
चिह्नित मतदाताओं का वोट डलवाने पहुंची पोलिंग टीम। फाइल फोटो