चरखी दादरी। जिले के छह केंद्रों पर शुक्रवार को बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान 1,818 में से 1,503 विद्यार्थियों ने ये परीक्षा दी और 315 गैरहाजिर रहे। वहीं, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण किया और नकल रहित परीक्षा कराने की व्यवस्था जांची। सबसे अधिक विद्यार्थी झोझूकलां केंद्र में अनुपस्थित रहे और यहां अनुपस्थिति दर 26.76 प्रतिशत रही। वहीं, मिसरी राजकीय स्कूल परीक्षा केंद्र में 12.65 फीसदी अनुपस्थिति दर रही जो सभी केंद्रों में सबसे कम है। दूसरे चरण की परीक्षा 29 फरवरी को होगी।
बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा के लिए जिले के 1,818 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रहित, शांतिपूर्वक परीक्षाएं आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ वीनू शर्मा और तीनों बीईओ ने केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विज्ञान विशेषज्ञ वीनू शर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे विद्यार्थियों ने सीटिंग प्लान अनुसार अपना स्थान ग्रहण किया। इसके बाद 11:30 बजे से डेढ़ बजे तक परीक्षा आयोजित की गई।
उन्होंने बताया कि दादरी के शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 407 विद्यार्थियों का सीटिंग प्लान रहा, जिनमें से 347 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। दादरी की बीईओ राजबाला मलिक ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं, बाढड़ा के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 335 में से 279 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। बौंदकलां के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 272 में से 223 ने परीक्षा दी। इसी प्रकार मिसरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 403 में से 352 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे।
वहीं, झोझूकलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 213 में से 156 और कादमा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 188 में से 146 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। इनमें सबसे ज्यादा सीटें दादरी और मिसरी केंद्र पर आवंटित की गई, जबकि कादमा केंद्र पर सीटों की संख्या कम रही। अब इस परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बुनियाद लेवल-2 परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। जिले में 29 फरवरी को बुनियाद-2 परीक्षा होगी।
किस परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, कितने परीक्षार्थी और कितने रहे गैरहाजिर
परीक्षा केंद्र- पंजीकृत परीक्षार्थी - उपस्थित- अनुपस्थित
दादरी राजकीय स्कूल- 407-347-60
बाढड़ा राजकीय स्कूल- 335-279-56
बौंदकलां राजकीय स्कूल-272-223-49
मिसरी राजकीय स्कूल-403-352-51
झोझूकलां राजकीय स्कूल- 213-156-57
कादमा राजकीय स्कूल-188-146-42
सभी केंद्रों पर नकल रहित और शांतिपूर्ण तरीके परीक्षाएं हुईं। कुछ विद्यार्थी किसी कारणवश इस परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। अब अगले चरण की परीक्षा 29 फरवरी को आयोजित की जाएगी। - कृष्णा फौगाट, डीईओ, चरखी दादरी।