चरखी दादरी। गत दो साल से 2.37 करोड़ की लागत से बनाए गए सांवड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में डेढ़ करोड़ कीमत का पोर्टेबल अस्पताल खड़ा है। अब तक यह अस्पताल वर्किंग में नहीं आ सका और पीएचसी परिसर में रखा-रखा कबाड़ हो रहा है। संवाददाता की पड़ताल में सामने आया कि अभी तक इस नागरिक अस्पताल में शिफ्ट करने का एस्टिमेट तक तैयार नहीं हुआ है। ऐसे में पोर्टेबल अस्पताल का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है।
दरअसल, पीएचसी परिसर में रखा पोर्टेबल अस्पताल धूप, गर्मी, बारिश झेल रहा है और इसका विपरीत असर इस पर पड़ रहा है। कोविड के दौरान जिला प्रशासन के आग्रह पर अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन ने यह पोर्टेबल अस्पताल मुहैया कराया था। इसकी खास बात ये है कि इसे एक से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है।
पोर्टेबल अस्पताल के अलग-अलग कंपार्टमेंट हैं। इन्हें मिलाकर ही अस्पताल तैयार होता है। इसका ढांचा लोहे का है और आसानी से एक से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है। अगर इस पोर्टेबल अस्पताल का सदुपयोग किया जाए तो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा होगा और मरीजों को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलेगा। संवाद
आज तक नहीं हुई स्टाफ की तैनाती
वर्ष 2020 में स्वास्थ्य विभाग को ये पोर्टेबल अस्पताल मिला था। इसके बाद इसे सांवड़ पीएचसी में रखवाया गया था। जिस समय पोर्टेबल अस्पताल दिया गया उस दौरान विभाग ने प्रशासन से इसके लिए चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी मांगा था। तब से लेकर अब तक पोर्टेबल अस्पताल के लिए स्टाफ नहीं मिल पाया है।
ये है विभाग की योजना
पड़ताल में सामने आया कि स्वास्थ्य विभाग इस पोर्टेबल अस्पताल को जल्द ही नागरिक अस्पताल में शिफ्ट करने जा रहा है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी को एस्टिमेट तैयार करने के लिए पत्र लिखा गया है। यह पत्र लिखने के बाद विभाग एक रिमाइंडर भी दे चुका है। वहीं, सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार का कहना है कि जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
पोर्टेबल अस्पताल में ये हैं सुविधाएं
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले का पहला पोर्टेबल अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें एक आईसीयू और तीन सामान्य वार्ड बनाए गए हैं। आईसीयू वार्ड में 8 बैड और 5 वेंटिलेटर सहित अन्य सुविधाएं हैं। सामान्य वार्डों में 14-14 बैड हैं और आईसीयू सहित सभी वार्डों में चिकित्सकों के लिए चैंबर भी बनाए गए हैं। अस्पताल के सभी हिस्से तैयार होकर दादरी पहुंचे थे जिसके बाद इन्हें आपस में जोड़ा गया।
जल्द ही पोर्टेबल अस्पताल को नागरिक अस्पताल में शिफ्ट कर देंगे। इससे पहले इसका निरीक्षण किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी को एस्टिमेट तैयार करने के लिए अगले सप्ताह फिर से रिमांइडर भी डाला जाएगा।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी