चरखी दादरी। जिले में कोरोना संक्रमण की दर अब काफी कम हो गई है, जबकि रिकवरी रेट लगातार ऊपर आ रहा है। रविवार को जिले में दो नए संक्रमित मिले हैं और 14 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब 36 संक्रमित ही उपचाराधीन हैं।
रविवार को बौंदकलां निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति और श्यामकलां निवासी 25 वर्षीय युवक संक्रमित मिला है। दोनों संक्रमितों को विभाग ने ट्रेस कर लिया है। रविवार को 14 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब तक 4844 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। छह जून तक कोरोना जांच के लिए 185390 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 5009 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 179858 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रविवार को 421 सैंपल लिए गए और अब जिले से भेजे 523 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं। इस समय 16 संक्रमित आइसोलेशन वार्ड में और 20 होम आइसोलेट हैं।
दो केंद्रों पर 147 लोगों को लगाई कोरोना वैक्सीन
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉङ आशीष मान ने बताया कि रविवार को केवल शहर में दो स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के 15 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को वैक्सीनेशन सेशन आयोजित नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में 64 और मातृ-शिशु अस्पताल में 83 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई।
संक्रमण दर काफी नीचे आ गई है और रविवार को जिले में दो ही संक्रमित मिले हैं। संक्रमण दर लगातार बढ़ती जा रही है जो राहत की बात है। जिले में वैक्सीनेशन सेशन लगातार आयोजित किए जा रहे हैं और जल्द ही इस कार्य में अब हम और तेजी लाएंगे।
डॉक्टर सुदर्शन पंवार, सीएमओ।