जिले में बाजरा खरीद की एवज में हैफेड ने अब तक किसानों के खातों में 13 करोड़ 53 लाख का भुगतान कर दिया है जबकि करीब 36 करोड़ 31 लाख अभी भी बकाया है। रविवार को करीब साढ़े सात करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर किए हैं। वहीं, इससे करीब पांच दिन पहले हैफेड ने 5 करोड़ 67 लाख रुपये किसानों के खाते में डाले गए थे। रविवार तक दादरी जिले में दो लाख 31 हजार 850 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई है। जिले के 8036 किसान आठ खरीद केंद्रों पर अपना बाजरा बेच चुके हैं।
दादरी जिले में बाजरा खरीद हैफेड कर रही है। गत एक अक्तूबर से जिले में बाजरा खरीद शुरू हुई थी और तीन दिन के अंदर छह केंद्रों पर बाजरा खरीद शुरू कर दी गई। तीन खरीद केंद्रों को रद्द भी करना पड़ा। मंडियों में शुरूआत से ही कम संख्या में किसानों को बुलाया जा रहा है। करीब 25 दिन के अंदर जिले में दो लाख 31 हजार 850 क्विंटल बाजरे की खरीद हुई है। करीब 28 हजार किसानों ने बाजरा के लिए पंजीकरण करवाया था। इस लिहाज से करीब 20 हजार किसान अभी बाजरा बेचने से वंचित हैं।
करीब पांच दिन पहले हैफेड ने पांच करोड़ 67 लाख रुपये किसानों के खातों में डाले थे। रविवार को ही करीब साढ़े सात करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर किए हैं।
70.78 प्रतिशत है जिले में बाजरा उठान की दर
खरीद के साथ हैफेड ने सभी केंद्रों पर लिफ्टिंग प्रक्रिया शुरू करवा दी है। जिले की इस समय उठान दर 70.78 प्रतिशत है। 2 लाख 31 हजार 850 क्विंटल बाजरा में से 1लाख 64 हजार 110 क्विंटल का उठान करवा दिया गया है। 67 हजार 740 क्विंटल बाजरा अभी खरीद केंद्रों पर पड़ा है। दगड़ोली खरीद केंद्र लिफ्टिंग के मामले में सबसे आगे है, जबकि झोझूकलां 52.07 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है।
किसान बोले: खरीद प्रक्रिया में तेजी लाए अधिकारी
- बाजरा खरीद प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही है जिसके चलते किसानों को परेशानियां हो रही है। खरीद के अलावा भुगतान प्रक्रिया में भी तेजी लानी चाहिए।
नरेंद्र, खातीवास
- मेरा गांव बहुझोलरी है जो झज्जर जिले में पड़ता है। पसंद की मंडी के विकल्प में मैंने दादरी मंडी का चयन किया था। खरीद प्रक्रिया धीमी होने से परेशानी हो रही है।
सुशील, बहुझोलरी
जिले में बाजरा खरीद सुचारु रूप से चल रही है। 301 आई-फार्म की भुगतान राशि हमने खातों में डाल दी है। जो राशि बकाया है उसका भी जल्द भुगतान कर दिया जाएगा।
विरेंद्र सिंह, परचेज मैनेजर, हैफेड