चरखी दादरी। लोक निर्माण विभाग की ओर से दादरी और बाढड़ा खंड की 12 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी करते हुए विभाग ने एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर दिए हैं। करीब 38.59 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण पर 40 करोड़ रुपये लागत आएगी और मुख्यमंत्री घोषणा के तहत इनका निर्माण होगा। सड़कों के निर्माण से करीब 20 गांवों के 80 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा और आवागमन में उन्हें दिक्कतें नहीं झेलनी पड़ेंगी।
बता दें कि जिन 12 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, उनमें से 5 दादरी और 7 बाढड़ा खंड़ की हैं। दादरी खंड़ की जो सड़कें बनेंगी उनकी लंबाई 9.65 किलोमीटर है और इनके निर्माण पर साढ़े बारह करोड़ रुपये लागत आएगी। इसी प्रकार, बाढड़ा खंड़ की सड़कों की लंबाई करीब 28.94 किलोमीटर है और इनके निर्माण करीब साढ़े 27 करोड़ रुपये लागत आएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा अनुसार सभी सड़कें बनाई जानी हैं और इसके लिए निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़ चुकी है। अब एजेंसी को कार्यादेश जारी किए गए हैं और करीब बीस से पच्चीस दिन के अंदर मौसम अनुकूल होते ही एजेंसी की ओर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, इनमें से कई सड़कें तो ऐसी हैं जो पहली बार बनेगी।