चरखी दादरी। रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग स्थित रानिया वाला जोहड़ की जमीन पर पड़े 11 हजार मीट्रिक टन कचरे का नगर परिषद की ओर से निस्तारण कराया जाएगा। तीन साल पहले भी यहां 26 हजार मीट्रिक टन कचरा निस्तारित कराया जा चुका है। वहीं, फिलहाल यहां पड़े कचरे के निस्तारण के लिए एजेंसी को कार्यादेश जारी किया जा चुका है और दिसंबर तक यह काम पूरा करना है।
बता दें कि करीब चार साल पहले तक शहर का कचरा रानिया वाला जोहड़ की चार एकड़ जमीन पर डाला जाता था। वर्ष 2022 में नगर परिषद ने यहां कचरा निस्तारण का काम शुरू कराया था। करीब 26 हजार मीट्रिक टन कचरा निस्तारण पर करीब दो करोड़ रुपये लागत आई थी। इतना ही नहीं, उसी दौरान यहां कचरा डालना बंद कर दिया गया था। साथ ही कचरा डालने के लिए एमआरएफ सेंटर बनाया गया था और उसके बाद से ही शहर का कचरा पहले यहां पहुंच रहा है। यहां से कचरा भिवानी स्थित एजेंसी के निस्तारण प्लांट पर भेजा जाता है।
अब नगर परिषद ने रानिया वाला जोहड़ डंपिंग पॉइंट पर पड़े कचरे का निस्तारण कराने की तैयारी कर ली है। अधिकारियों की मानें तो यहां 10 हजार एमटी कचरा वर्ष 2022 से पड़ा है जबकि एक हजार टन नया कचरा पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि फिलहाल यहां करीब 11 हजार एमटी कचरा पड़ा है और इसके निस्तारण पर 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही एजेंसी यह काम शुरू कर सकती है। संवाद
- बिजली कनेक्शन मिलने का इंतजार
कचरा निस्तारण के लिए साइट पर मशीनें लगनी हैं और इनके संचालन के लिए बिजली कनेक्शन होना जरूरी है। नगर परिषद अधिकारियों की ओर से फिलहाल बिजली कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। इसके तुरंत बाद एजेंसी यहां काम शुरू कर देगी।
- जगह खाली होने पर किया जाएगा पौधरोपण
रानिया वाला जोहड़ करीब चार एकड़ में है। कचरा निस्तारण के बाद यहां जगह खाली हो जाएगी और उसका सदुपयोग करते हुए यहां पौधरोपण किया जाएगा। इसका कारण यहां हरियाली बढ़ाना है। इसके अलावा यहां घास लगाने की भी योजना है।
- एनजीटी के चेयरमैन ने किया था निरीक्षण
पूर्व जस्टिस एवं एनजीटी के चेयरमैन प्रीतमपाल सिंह ने जून 2022 में डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया था। उस दौरान डीसी समेत तमाम अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को डंपिंग यार्ड की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए थे, जिन्हें जहन में रखते हुए नप अधिकारियों ने अपनी योजना तैयार की थी। कचरा निस्तारण व पौधरोपण इसी का हिस्सा है।
- प्रतिदिन निकलता है 22 टन से अधिक कचरा
दादरी शहर की अगर बात करें तो बाजार व 21 वार्डों से प्रतिदिन 22 टन से अधिक कचरा निकलता है। एजेंसी के वाहन इस कचरे का उठान करते हैं और इसमें प्रतिदिन वाहन 400 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं। शहर के सभी वार्डों से डोर-टू-डोर कचरे का उठान किया जाता है।
रानिया वाला जोहड़ पर पड़े कचरे का निस्तारण कार्य एजेंसी जल्द शुरू कर देगी। इसके लिए कार्यादेश जारी हो चुके हैं और फिलहाल बिजली कनेक्शन मिलने का इंतजार है।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, दादरी नगर परिषद