बौंदकलां। दादरी सीआईए ने बौंदकलां नहर पर नाकाबंदी कर ईको सवार महिला व पुरुष को 11 किलोग्राम सुल्फा समेत पकड़ा है। पकड़े गए मादक पदार्थ की बाजार में कीमत में करीब 10 लाख से अधिक है। वहीं, बौंदकलां थाने में इस संबंध में आरोपी तस्कर हिसार के पुट्ठी गांव निवासी जिले सिंह और बिहार के चंपारण निवासी गीता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम शुक्रवार को बौंदकलां थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि हिसार के पुट्ठी गांव निवासी जिले सिंह और बिहार के चंपारण निवासी गीता मादक पदार्थ तस्कर है। वो ईको में सवार होकर दादरी की तरफ नशीला पदार्थ बेचने के लिए आएंगे।
सूचना के आधार पर सीआईए ने नहर पुल पर नाकाबंदी कर दी और कुछ देर बाद एक ईको को रुकवाकर उसमें महिला व चालक से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम गीता व जिले सिंह बताए। उनके पास नशीला पदार्थ होने का संदेह होने पर पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में ईको की तलाशी ली गई। ड्राइवर के बगल वाली सीट पर रखे बैग से 11 किलो 50 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया और उनके खिलाफ बौंदकलां थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।