चरखी दादरी। जिले में पंचायत चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही गांवों में विकास की चरखी घूमने का रास्ता साफ हो गया है। करीब पौने दो साल बाद अगले माह से विकास कार्य शुरू होंगे। प्रशासन की योजना अनुसार अगले माह शहर और गांवों में 103 से अधिक विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन कार्यों के लिए 4.60 करोड़ रुपये का बजट तय किया जा चुका है। इन कार्यों को होने से जिले की करीब 6 लाख की आबादी को फायदा होगा। खास बात यह है कि इन विकास कार्यों का खाका तैयार हो चुका है।
बता दें कि जिले में पंचायत चुनाव में मतदान की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। जिला परिषद व पंचायत समिति की मतगणना का कार्य पूरा होने के कुछ समय बाद ये संस्थाएं विधिवत रूप से अपना कार्य आरंभ कर देगी। भविष्य में करवाए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर विभागों ने भी अपनी कार्य योजनाएं बनानी शुरू कर दी हैं। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक विकास करवाने वाले जिला योजना विभाग की करीब चार करोड़ 60 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार है। यह राशि संबधित विकास एजेंसियों को जारी की जा चुकी है। इस राशि से सौ से अधिक काम दादरी के गांवों व शहरों में करवाए जाएंगे।
सहायक योजना अधिकारी विकास सांगवान ने बताया कि वर्ष 2022-23 के दौरान पंचायती राज विभाग के माध्यम से तीन करोड़ 97 लाख 94 हजार रुपये की लागत से दादरी के गांवों में 90 विकास कार्य शुरू करवाए जाएंगे। इनमें दो करोड़ 26 लाख 62 हजार रुपये सामान्य श्रेणी के सामुदायिक कार्यों पर और एक करोड़ 71 लाख 32 हजार रुपये अनुसूचित वर्ग के सामाजिक विकास पर खर्च किए जाएंगे।
- शहर के दस विकास कार्यों पर खर्च होंगे 51.60 लाख
सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि दादरी नगर परिषद क्षेत्र में 51 लाख 60 हजार रुपये की लागत से दस कार्य करवाए जाने हैं। इनमें 6 काम सामान्य वर्ग के और चार काम अनुसूचित वर्ग से संबधित हैं। इसी प्रकार नगर पालिका बाढड़ा क्षेत्र में सात लाख 46 हजार की लागत से दो कार्य करवाए जाने हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से तीन लाख रुपये का काम डी प्लान के अंतर्गत गांव मंदोला में करवाया जाएगा।
- ये होंगे विकास कार्य
विकास सांगवान ने बताया कि जिला योजना विभाग की ओर से शहर और गांवों में गलियां, चौपाल, सामुदायिक भवन, सभागार, सरकारी स्कूल की चहारदीवारी, जोहड़ की चहारदीवारी, सार्वजनिक पुस्तकालय, आंगनबाड़ी सेंटर, नाला, पानी की टंकी, सार्वजनिक शौचालय आदि बनवाने का कार्य करवाया जाएगा।
- काम पूरा होने के बाद होगा भुगतान
ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद, नगर परिषद, नगरपालिका, विधायक, सांसद आदि प्रस्ताव बनाकर डी प्लान के चेयरमैन दादरी डीसी को भिजवाते हैं। उपायुक्त से इन कार्यों का अनुमोदन होने के बाद ये काम संबधित कार्य एजेंसी को दे दिए जाते हैं। काम पूरा होने के बाद योजना विभाग की ओर से राशि का भुगतान उस एजेंसी को कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले महीने से डी प्लान के विकास कार्यों का काम शुरू किया जाएगा।