एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी बौंदकलां थाना पुलिस, अब मामले में दूसरी गिरफ्तारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। कस्बे में रात्रि गश्त के दौरान सिंचाई विभाग कर्मी से मारपीट करने के दूसरे आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। उसकी पहचान गांव महराणा निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद उसे न्यायलय में पेश किया गया, जहां से भिवानी जेल भेजा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को निमड़ी निवासी विरेंद्र के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने मारपीट के संबंध में दो लोगों पर केस दर्ज किया था। इसमें विरेंद्र ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में एचकेआरएन के तहत बौंदकलां कैनाल रेस्ट हाउस में बतौर माली तैनात है। 20 अगस्त को वह चौकीदार विनोद के साथ बाइक लेकर रात्रि गश्त के लिए बौंद डिस्ट्रीब्यूटरी पर जा रहा था। उसी दौरान डोहका निवासी कृष्ण भी वहां कैंपर लिए खड़ा था।
विरेंद्र ने बताया था कि रास्ता न होने के कारण उन्होंने कैंपर हटाने के लिए कहा। तभी कृष्ण व संजय ने उसके साथ मारपीट की। उसी दौरान विभाग एसडीओ भी आए और झगड़ा देखकर उसका बचाव किया। बाद में आरोपी मौके से भाग गए। इनमें से कृष्ण को पुलिस ने वीरवार को दबोचा था। शुक्रवार को आरोपी संजय को भी काबू कर कोर्ट के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया।