माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। जिले की तीनों मंडियों दादरी, बाढड़ा और झोझू में इस सीजन की बाजरे की आवक करीब एक लाख क्विंटल के करीब पहुंच चुकी है। दूसरी तरफ अभी तीनों मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई है। इसका कारण बाजरा का मिस कलर होना और गुणवत्ता पर खरा उतरना नहीं बताया जा रहा है।
दादरी मंडी में बाजरे का भाव 2000 से 2050, बाढड़ा में 1900 से 2050 और झोझू मंडी में 1850 से 2100 का चल रहा है। तीनों मंडियों में मंगलवार को 658 गेट पास काटे गए और कुल आवक 23,547 क्विंटल हुई। यह आवक सीजन शुरू होने के बाद से दूसरी सर्वाधिक है। तीनों मंडियों में बाजरे की कुल आवक 97,121 क्विंटल हो चुकी है।
इससे पहले 6 अक्तूबर सोमवार को को तीनों मंडियों में 817 गेट पास कटे थे और सीजन की अब तक सर्वाधिक 29,896 क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई थी। मंगलवार को दादरी मंडी में 339 गेट पास कटे और 11,554 क्विंटल की आवक दर्ज की गई। बाढड़ा मंडी में 159 गेट पास कटे और 6305 क्विंटल आवक दर्ज की गई और झोझू मंडी में 160 गेट पास कटे और 5688 क्विंटल आवक दर्ज की गई।
मंडी में आवक बढ़ने का कारण बाजरे का भावांतर 575 रुपये है। दूसरी तरफ मंडी में निजी खरीद जोरों पर है। सोमवार को जहां व्यापारियों ने 13,842 क्विंटल बाजरा खरीदा था, वहीं, मंगलवार को 25315 क्विंटल बाजरा खरीदा है। व्यापारी जब से खरीद शुरू हुई तब से लेकर अब तक कुल 70,217 क्विंटल बाजरा खरीद चुके हैं। इसके अलावा ई-नाम पर भी 9368 क्विंटल बाजरा बिकने के लिए मंडी में आया है।