अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने राज्य में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए। गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आदेश में स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति या समूह को किसी परिस्थिति में सड़क, राजमार्ग या सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि संभावित अव्यवस्था की स्थिति को रोकने के लिए निवारक और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत कदम उठाए जा सकें। गृह विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति या संगठन इन आदेशों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।