- सर्दी के मौसम को देखते हुए लिया गया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सर्दी के माैसम को देखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी स्कूलों में 1 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इसके बाद 16 जनवरी 2026 से सभी विद्यालय पहले की तरह नियमित रूप से खुल जाएंगे।
इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय पंचकूला की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों और स्कूल मुखियाओं व प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि शीतकालीन अवकाश के दौरान सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के मानकों के अनुसार अगर आवश्यक हो तो 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रेक्टिकल परीक्षाओं के लिए विद्यालय बुलाया जा सकता है। यह व्यवस्था केवल बोर्ड कक्षाओं के लिए लागू होगी।
विद्यालय शिक्षा विभाग का कहना है कि सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा सके। आदेश सहायक निदेशक (शैक्षणिक) द्वारा निदेशक माध्यमिक शिक्षा हरियाणा की ओर से जारी किए गए हैं।