हरियाणा में अगले तीन दिन मौसम करवट लेगा। प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इससे 9 से 11 अक्तूबर के बीच कई जिलों में बारिश के आसार हैं।
विज्ञापन
सबसे ज्यादा असर उत्तरी हरियाणा में देखने को मिलेगा, जहां हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। इससे पहले 8 अक्तूबर को शिवालिक की पहाड़ियों से लगते इलाकों में बारिश हो सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव होगा। पहला पश्चिमी विक्षोभ 7 अक्तूबर को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 7 अक्तूबर की रात से 9 अक्तूबर तक खासकर उत्तरी हरियाणा में हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
विज्ञापन
9 अक्तूबर से दूसरे पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से 10 और 11 अक्तूबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश और बादल छाने से तापमान में गिरावट आएगी।