- 13 मई के समझौते की 17 मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में कर्मचारियों ने विरोध जताया
- जल्द मांगें पूरी न होने पर 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को प्रदेशभर के नगर पालिका, परिषद और नगर निगम कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए हाथों में उल्टी झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर वीरवार को भी कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे।
संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और महासचिव मांगेराम तिगरा ने कहा कि 13 मई के समझौते में स्वीकृत 17 मांगों को पूरा करने के लिए आदेश तत्काल जारी नहीं किए गए तो 6, 7 और 8 अगस्त को पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी। हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। सरकार ने 30 जून तक मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।
नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त करने, ठेका कर्मचारियों को 15,220 रुपये न्यूनतम वेतन बैंक खाते के माध्यम से देने, ईएसआई-ईपीएफ का लाभ, एक्स-ग्रेशिया नीति में संशोधन, सभी ठेका कर्मचारियों का पंजीकरण तथा गुरुग्राम के 3,480 सहित अन्य निकायों के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल से पहले 7 से 22 जुलाई तक सभी जिलों में समझौता लागू करवाओ–संगठन मजबूत बनाओ अभियान के तहत जिलास्तरीय रैलियां आयोजित कर कर्मचारियों और आम जनता को सरकार की कथित वादाखिलाफी से अवगत कराया जाएगा।