अब आईटीआई, डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री वाले युवाओं को प्रशिक्षित करेंगी सरकार
राज्य में हरियाणा कांट्रेक्टर सक्षम युवा योजना शुरू
मुख्यमंत्री ने पोर्टल लाॅन्च किया, 90 दिन प्रशिक्षण के बाद सूचीबद्ध होंगे डिग्री धारक युवा
चंडीगढ़। राज्य सरकार ने आईटीआई, डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री धारक बेरोजगार शिक्षित युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करके उन्हें वर्क्स कांट्रेक्टर (ठेकेदार) के रूप में सक्षम बनाने के लिए एक नई योजना की शुरुआत की है। इस योजना को हरियाणा कांट्रेक्टर सक्षम युवा योजना का नाम दिया गया है।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल में 90 दिन का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन युवाओं को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल (एचईडब्ल्यूपी) पर सूचीबद्ध किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल (एचईडब्ल्यूपी) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना के तहत पात्र एवं इच्छुक इंजीनियरिंग युवाओं के पंजीकरण के लिए वेब पोर्टल https://stt.itiharyana.gov.in भी लाॅन्च किया है। इसके तहत सभी इंजीनियरिंग कार्य एचईडब्ल्यूपी के माध्यम से ही आवंटित किए जाएंगे। वहीं, सीएम ने योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सीएम के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग के एसीएस अनुराग अग्रवाल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सीएम सैनी ने एचईडब्ल्यूपी पोर्टल पर ठेकेदारों की पंजीकरण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए व्यवस्था को और सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि एक बार में दस्तावेज ऑनलाइन जमा करने के बाद ठेकेदारों को आगे की प्रक्रिया के लिए किसी भी सरकारी कार्यालय में जाना पड़े। उन्होंने कहा कि एचईडब्ल्यूपी पोर्टल परियोजनाओं को पूरा करने की समय सीमा निर्धारित करने का प्रावधान भी जोड़ा जाए।
अभी पोर्टल पर 20,709 ठेकेदार जुड़े हुए हैं, जिनमें से 6,476 पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त सीएम ने समय पर पर्याप्त बजट की उपलब्धता और जिन परियोजनाओं के लिए राशि केंद्र सरकार की ओर से जारी की जानी है, विभाग को संबंधित मंत्रालय के साथ तालमेल बनाकर जल्द जारी कराने की कोशिश करने के निर्देश दिए। सभी विभागों की ओर से होने वाले भुगतान को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल में एकीकृत करें।