- पहली बार ऐसे इंतजामों से खुश दिखे अभिभावक और परीक्षार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा)-2025 की परीक्षा में राज्य परिवहन निगम का प्रयोग सफल रहा। शनिवार को आयोजित हुई परीक्षा के पहले दिन परिवहन निगम की स्कैन क्यूआर सुविधा परीक्षार्थियों के लिए फायदेमंद साबित हुई। बसों से सफर करने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
परीक्षा के लिए 12 हजार बसों का संचालन हुआ और करीब 1500 बसों का संचालन यात्रियों के लिए हुआ। शुक्रवार की रात ढाई बजे से बसों का चंडीगढ़ सहित प्रदेश 24 डिपो व सब डिपो से संचालन शुरू हो गया था। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए करीब 7 लाख परीक्षार्थियों ने बुकिंग कराई थी। गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से सीईटी-2025 ट्रैवल एप डाउनलोड करने वालों को जिला, परीक्षा केंद्र के निकट बिंदु व परीक्षा वाले जिले का पूरा ब्योरा सामने आया। पंचकूला में परीक्षा देने के लिए पहुंचे विशाल ने बताया कि एप के कारण उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। पहले बस अड्डे पर उतरे फिर वहां से किस शटल बस में बैठना है यह पता चल गया और इस तरह से सीधे परीक्षा केंद्र तक पहुंच गए।
कुछ परीक्षार्थियों व अभिभावकों ने कहा भीड़ के चलते सीट नहीं मिली, जाम भी रहा
इंद्री निवासी बीरबल ने बताया कि वह अपनी बेटी के अलावा बेटे समर्थ को परीक्षा दिलाने के लिए पंचकूला पहुंचे, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि उन्हें या बच्चों का बैठने के लिए जगह नहीं मिली। शुक्रवार की शाम चार बजे से ही पंचकूला के लिए चल दिए थे। अर्जुन सिंह का कहना है कि सुबह बेटी अंजुली और बेटे अंग्रेज को परीक्षा दिलाने पहुंचे तो बस में भीड़ थी और अंबाला से जीरकपुर तक जाम मिला। कैथल के फूल सिंह अपनी पोती शबनम को परीक्षा दिलाने पहुंचे, उन्होंने बताया कि भीड़ के चलते वह अपनी गाड़ी करके लाए क्योंकि लंबा सफर था और शुक्रवार की शाम उन्हें निकलना था। कैथल शहर निवासी अजय और अंकित ने बताया कि शुक्रवार की शाम पांच बजे वह चंडीगढ़ के लिए निकले, लेकिन रास्ते में बस का पहिया फट गया, इसलिए उन्हें दो घंटे का अतिरिक्त समय लगा।
परिवहन निगम के स्टाफ ने टीम भावना से किया काम, नहीं आई कोई परेशानी : विज
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि सीईटी को लेकर हर परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र तक पहुंचे यही सरकार का संकल्प था, जिसे परिवहन निगम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया है। परीक्षा के साथ ही तीज का भी त्योहार है इस कारण बसों में भीड़ रही। परिवहन स्टाफ में शामिल चालक-परिचालकों के साथ ही महाप्रबंधकों, बस अड्डा प्रभारी सभी शुक्रवार की रात से ही प्रबंधन में लगे रहे। परीक्षार्थियों के लिए चलाई बसों में आम यात्रियों को भी यात्रा की सुविधा दी गई, इस कारण कोई परेशानी नहीं आई। सभी जिलों का मैंने ब्योरा लिया था और हमारे अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना से काम में जुटे हैं।