चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद और राज्य महासचिव सुमेर सिवाच ने संयुक्त बयान में राज्य परिवहन निगम के अधिकारियों पर मनमानी के आरोप लगाए हैं।
राज्य प्रधान दिनोद और महासचिव सुमेर सिवाच ने रोष जताया कि रोडवेज के कर्मचारियों को वर्दी धोने के लिए प्रतिमाह 200-200 रुपये वर्दी धुलाई भत्ता (वाॅशिंग अलाउंस) दिया जाता है लेकिन अगस्त माह में इस भत्ते की कटाैती कर दी गई है। अपने बयान में यूनियन के दोनों ही पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि परिवहन निगम के इस निर्णय से कर्मचारियों में रोष है।
आरोप लगाए कि लंबित मांगों को पूरा करने के लिए निगम आश्वासन देता है लेकिन सुविधाओं को लगातार घटाया जा रहा है। ऐस में दोनों पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि तुरंत ही भत्ते को लेकर निर्णय नहीं लिया तो जल्द बैठक बुलाकर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।