चंडीगढ़। हरियाणा में लोक निर्माण विभाग प्रदेश की 6500 किमी सड़कों पर मरम्मत के कार्य कराएगा। बुधवार को पंचकूला रेस्ट हाउस में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के कार्यों की समीक्षा की। तय किया गया है कि करीब 3500 किमी सड़कें 18 फीट चाैड़ी की जाएंगी। सभी मार्गों पर साइन बोर्ड भी ठीक करने के आदेश दिए हैं। मंत्री रणबीर गंगवा ने सभी कार्यकारी अभियंता, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंताओं से वीसी के माध्यम से जिलावार योजनाओं का ब्योरा लिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 6500 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य तय किया गया है जिसमें से लगभग 80 प्रतिशत कार्यों के टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। मंत्री ने सड़कों का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता से कराने के निर्देश दिए और जो भी लापरवाही बरतें उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। बेलदारों की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि हाल ही में जो बेलदार भर्ती हुए हैं, वे पढ़े-लिखे हैं लेकिन अपने कार्यस्थल पर सक्रिय नहीं दिख रहे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे कर्मचारियों की कंपाइल रिपोर्ट 15 दिनों के अंदर प्रस्तुत करने को कहा है।