गोवा में आयोजित किया जा रहा है फिल्मी महोत्सव
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा ने गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) 2025 की ओपनिंग परेड में अपनी पहली शानदार राज्य झांकी प्रस्तुत की। आईएफएफआई ने इस वर्ष पारंपरिक उद्घाटन समारोह की जगह एक आकर्षक और भव्य सड़क परेड का आयोजन किया जिसने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और सिनेमा के रंगों से सराबोर एक अनोखा चलित उत्सव प्रदान किया।
20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह नौ-दिवसीय महोत्सव में फिल्म-बाजार सहित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं कला संस्कृति विभाग के महानिदेशक केएम मकरंद पांडुरंग के दिशा निर्देशन में नॉन स्टॉप फिल्मी हरियाणा झांकी तैयार की गई। हरियाणा की इस झांकी ने देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों, फिल्म निर्माताओं और दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर झांकी में राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सिनेमा में हरियाणा, लोकेशन्स को कलात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया। झांकी में दर्शाया गया कि हरियाणा ऐसा प्रदेश है जहां कहानियां मिट्टी में अंकुरित होती है और कला फसलों की खुशबू में अपना सौंदर्य संवारती है।
झांकी में हरियाणा की फिल्म नीति का प्रभावी संदेश भी प्रदर्शित किया गया। झांकी में प्रदर्शित किया गया कि किस तरह गांव की चौपालों से निकली कहानियां आज विश्व के बड़े पर्दे तक पहुंच रही है। नीचे लहलहाते सरसों के सुनहरे खेत हरियाणा की समृद्ध परंपरा और इस मिट्टी में जन्म लेने वाली कहानियों की अनंत यात्रा के प्रतिबिंब की कहानी कहते नजर आए।