- आईएमए के पदाधिकारी बोले- सरकार की ओर से बैठक टाली गई, जल्द नई तिथि तय होगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सरकार के वित्त विभाग ने आयुष्मान योजना के तहत प्रदेशभर में सूचीबद्ध 675 निजी अस्पतालों को 291 करोड़ रुपये और देने की स्वीकृति के बावजूद गरीब मरीजों को राहत के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल, सरकार और आईएमए के पदाधिकारियों की मंगलवार को प्रस्तावित बैठक अचानक स्थगित कर दी गई है। आईएमए हरियाणा के पूर्व प्रधान डॉ. अजय महाजन ने बताया कि सोमवार देर शाम सरकार की तरफ से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने मैसेज करके बैठक स्थगित होने की सूचना दी। इस संबंध में बातचीत के लिए जल्द ही बैठक की नई तिथि निर्धारित की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहे गरीब मरीजों के समस्याओं की जिम्मेदार सरकार है। बता दें सरकार के पैनल में शामिल 675 निजी अस्पतालों में 12 दिनों से आयुष्मान योजना के तहत इलाज बंद है। डॉ. अजय महाजन ने बताया कि वित्त विभाग की तरफ से और 291 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से दो-तीन दिनों में निजी अस्पतालों को भुगतान शुरू हो जाएगा। इसके बावजूद सरकार के साथ मंगलवार को होने वाली बैठक में आईएमए अपनी बातों को प्रमुखता से रखेगा।