- शहरों में जाम लगा, यात्रियों को स्थानीय व लंबी दूरी के सफर के लिए नहीं मिलीं बस
- परीक्षा के लिए 7 लाख परीक्षार्थियों ने कराया था परिवहन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण
अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़,हिसार/करनाल/ रोहतक। संयुक्त पात्रता परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों के लिए दोनों ही दिन का सफर आसान रहा और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। परिवहन निगम के नए प्रयोग क्यूआर स्कैनर ने भी परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी लेकिन आमजन को हरियाली तीज पर यात्रा के दाैरान बसें नहीं मिलीं। कई शहरों में लंबा जाम लगा रहा।
सीईटी परीक्षार्थियों के लिए प्रदेश के 24 डिपो व अन्य सब डिपो से बसों का संचालन हुआ। परीक्षा के लिए करीब सात लाख परीक्षार्थियों ने बुकिंग कराई थी। भिवानी में पहले सत्र की परीक्षा खत्म होने के बाद शहर में जाम लग गया। परीक्षार्थी व अन्य लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। जींद और महेंद्रगढ़ में भी जाम के हालात रहे। जींद के गोहाना रोड, सफीदों रोड के अलावा पटियाला चौक से ईक्कस गांव तक जाम होने के कारण परीक्षार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। महेंद्रगढ़ में दिन में दो घंटे तक पूरे शहर में जाम लगा रहा।
भिवानी, जींद व महेंद्रगढ़ में जाम के कारण झेलनी पड़ीं दिक्कतें
सीईटी के दूसरे दिन भी पर्याप्त बसों की व्यवस्था के चलते परीक्षार्थी आसानी से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। रविवार को पहले सत्र की परीक्षा के लिए तड़के तीन से चार बजे के बीच बसों का संचालन शुरू हो गया था। कुछ स्थानों पर जाम के कारण दिक्कत झेलनी पड़ीं। अधिकतर रोडवेज की बसें सीईटी परीक्षार्थियों के लिए बुक होने के कारण दूसरे दिन भी स्थानीय और लंबी दूरी के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
-
रोहतक के कुछ परीक्षार्थियों को वापसी में बस नहीं मिलीं
हिसार, अंबाला, रोहतक, कैथल समेत अधिकतर जिलों में सुबह समय से परीक्षार्थियों के लिए बसों का संचालन शुरू हो गया। कुछ बसों की भीड़ भी रही। सिरसा जाने वाली बसों में परीक्षार्थी खड़े होकर सफर करते नजर आए। रोहतक, हिसार समेत कई जगह बस डिपो परिसर में परीक्षार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी लगाई गईं थीं। रोहतक जिले में परीक्षा देने के बाद वापसी में कुछ अभ्यर्थियों को बस नहीं मिलीं। अभ्यर्थियों को राजीव गांधी स्टेडियम तक ऑटो बुक करने पहुंचना पड़ा। तीज का त्योहार होने के कारण झज्जर बस स्टैंड पर यात्रियों की काफी भीड़ रही, कई लोगों को निजी वाहन बुक करके सफर करना पड़ा। हिसार, रोहतक, करनाल समेत अन्य जिलों में भी यात्री बेहाल दिखे।
-
वर्जन
सीईटी की चार सत्रों में परीक्षा आयोजित हुई और इन दो दिनों के अंदर परीक्षार्थियों से लेकर आमजन को कोई परेशानी नहीं हुई। परिवहन निगम में अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ काम किया, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
अनिल विज, परिवहन मंत्री, हरियाणा