- मुख्यमंत्री से मिले हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष, बोले- सीएम से सकारात्मक आश्वासन मिला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विश्वविद्यालय अनुबंधित शिक्षक संघ (हुकटा) के प्रदेशाध्यक्ष विजय मलिक ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर सरकारी विश्वविद्यालयों में कार्यरत अनुबंधित सहायक प्राध्यापकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने अनुबंधित सहायक प्राध्यापकों को सेवा सुरक्षा देने के लिए विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में कानून लाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस पर शीतकालीन सत्र में सेवा सुरक्षा विधेयक लाया जा सकता है। उच्च अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि विश्वविद्यालयों के अनुबंधित शिक्षकों को भी कॉलेजों के एक्सटेंशन लेक्चरर और 1.20 लाख अनुबंधित कर्मचारियों की तरह नौकरी की सुरक्षा दी जा सके।
प्रदेशाध्यक्ष विजय मलिक ने बताया कि सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों से अनुबंधित शिक्षकों की सेवा स्थिति की जानकारी हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर एक्ट 2024 और अनुबंधित कर्मचारी एक्ट 2024 के आधार पर मांगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र नियम बनाकर पात्र शिक्षकों को 60 वर्ष की आयु तक नौकरी की सुरक्षा और एक्सटेंशन लेक्चरर के समान सेवा लाभ प्रदान करेगी।