- हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राज्य शिक्षक पुरस्कार 2024 और 2025 की घोषणा लंबे समय से लंबित होने पर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा है। हसला ने मांग की है कि राज्य शिक्षक पुरस्कार 2024 और 2025 की सूची तुरंत जारी की जाए। कहा कि विभाग की प्रतिष्ठा और शिक्षकों के मनोबल को बनाए रखने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं।
हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिन्धु के मुताबिक दोनों वर्षों के पात्र शिक्षकों से पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। दोनों ही वर्षों के लिए पात्र शिक्षकों ने सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ऑनलाइन आवेदन भेजा था। इसके पुरस्कार घोषित न होने से शिक्षकों का मनोबल टूट रहा है और शिक्षा विभाग की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है।