मनोज यादव, मोहम्मद अकील और ओपी सिंह
- फोटो : अमर उजाला
साल 2025 के अंत तक हरियाणा पुलिस का चेहरा बदल जाएगा। इस साल हरियाणा पुलिस के सात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के मूल निवासी 1998 बैच के आईपीएस मनोज यादव भी शामिल हैं, जो वर्तमान में डेपुटेशन पर आरपीएफ, नई दिल्ली में डीजी पद पर तैनात है। आईपीएस मनोज यादव हरियाणा पुलिस के महानिदेशक भी रह चुके हैं। इस बदलाव के बाद विभाग के अंदर भी अधिकारियों में बड़ा फेरबदल संभावित है।
ये छह आईपीएस होंगे सेवानिवृत्त
देश राज सिंह : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मूल निवासी 1990 बैच के आईपीएस देश राज सिंह 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। अभी वह कमांडेंट जनरल होमगार्ड एंड सिविल डिफेंस हैं।
शिव चरण : जींद निवासी स्टेट पुलिस सर्विस से आईपीएस प्रमोट शिव चरण 30 जून 2023 को सेवानिवृत्त होंगे। वह अभी आईजी, ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया पद पर तैनात हैं।
आलोक कुमार राय : उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के मूल निवासी 1991 बैच के आईपीएस आलोक कुमार राय 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। वह अभी डीजी रेलवे एंड कमाडेंड हैं।
संजीव कुमार जैन : उत्तर प्रदेश के मूल निवासी 1991 बैच के आईपीएस संजीव कुमार जैन 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। वह अभी हरियाणा ह्यूमन राइट कमीशन के डीजी हैं।
ओम प्रकाश सिंह : बिहार में जमुई के मूल निवासी 1992 बैच के आईपीएस ओम प्रकाश सिंह 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। डीजी ओपी सिंह हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख हैं।
मोहम्मद अकील : उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के मूल निवासी 1989 बैच के आईपीएस मोहम्मद अकील 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। वह अभी हरियाणा के डीजी जेल हैं।
डीजीपी के लिए मित्तल व चावला दावेदार
प्रदेश में वरिष्ठता के आधार पर एडीजीपी से डीजीपी पद पर पदोन्नति के लिए 1993 बैच के दो आईपीएस आलोक मित्तल और डॉ. अरशिंद्र चावला की पदोन्नति संभावित है। अभी आईपीएस आलोक मित्तल एडीजीपी एंटी करप्शन ब्यूरो और आईपीएस डॉ. अरशिंद्र चावला हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के निदेशक हैं।
एडीजीपी बन सकते हैं कविराज व राजश्री
वरिष्ठता के आधार पर आईजी से एडीजीपी पद पर पदोन्नति के लिए 1999 बैच के दो आईपीएस पंचकूला के कमिश्नर शिबास कविराज और झज्जर की पुलिस कमिश्नर डा. राजश्री सिंह के नाम संभावित हैं। इसी तरह वरिष्ठता के आधार पर साल 2008 बैच के आईपीएस अभिषेक गर्ग और आईपीएस हमीद अख्तर की आईजी पद पर पदोन्नति संभावित है।